क्या करेंगे निरूपम? |
April 07 2024 |
कांग्रेस से बागी हुए संजय निरूपम अपने लिए नई राजनीतिक राह की तलाश में हैं। इस कार्य में उन्हें उनके मित्र मिलिंद देवड़ा की भी भरपूर मदद मिल रही है। सनद रहे कि कुछ दिनों पहले ही देवड़ा भी कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हुए हैं। भाजपा गठबंधन ने मुंबई की 6 में से 4 सीटों पर अपने उम्मीदवार तय कर दिए हैं पर ’मुंबई नार्थ सेंट्रल’ सीट से अभी किसी उम्मीदवार की घोषणा नहीं की गई है। यहां से भाजपा गठबंधन को एक जिताऊ चेहरे की तलाश है सो, पहले प्रिया दत्त से बात की गई पर उनकी ओर से अभी तक कोई जवाब नहीं मिला। इसी सीट पर कांग्रेस की ओर से स्वरा भास्कर को भी ऑफर गया है। साथ ही राज बब्बर के नाम पर भी विचार हो रहा है। अगर राज यहां से चुनाव नहीं लड़ते तो हरियाणा की गुरूग्राम सीट से अपनी किस्मत आजमा सकते हैं। दिवंगत प्रमोद महाजन की बेटी पूनम महाजन यहां से भाजपा के टिकट पर 2 बार विजयी रही हैं। पर उनके ’एंटी इन्कंबेंसी’ को देखते हुए भाजपा गठबंधन यहां से एक नए चेहरे की तलाश में जुटा है। नाम तो विधायक आशीष शेलार का भी चल रहा है पर चूंकि इस सीट पर चार लाख से ज्यादा मुसलमान वोटर हैं सो संजय निरूपम की दावेदारी यहां से सबसे माकूल मानी जा रही है। क्योंकि वे मुसलमानों में भी खासे लोकप्रिय हैं। सो, मुमकिन है वे शिवसेना शिंदे के टिकट पर यहां से मैदान में उतरें। |
Feedback |